मुंबई। अमेरिका इजराइल ईरान के बीच चल रहे युद्ध के असर अब भारत की बागवानी फसलों पर भी पड़ने लगा है। जिसके कारण यहां के बागवानों और किसानों को भी काफी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते विवाद के कारण समुद्री रास्तों पर परेशानी बढ़ गई है। इससे इंटरनेशनल शिपिंग और व्यापार प्रभावित हुआ है। इसका सीधा असर महाराष्ट्र के नासिक जिले के उन किसानों और एक्सपोर्टरों पर पड़ रहा है जो अंगूर और केले को विदेशों में भेजते हैं।
पोर्ट पर फंसे सैकड़ों कंटेनर
पिछले करीब 12 दिनों से युद्ध जैसे हालात के कारण अंतरराष्ट्रीय व्यापार धीमा हो गया है। इंडियन हॉर्टिकल्चर एक्सपोर्ट एसोसिएशन के अनुसार 350 से ज्यादा कंटेनर, जिनमें जल्दी खराब होने वाले फल और सब्जियां थीं, अलग-अलग पोर्ट पर फंस गए। कुछ कंटेनरों को दुबई के दूसरे पोर्ट की तरफ भेजने की कोशिश की गई, लेकिन वहां भी बहुत ज्यादा लोड होने की वजह से परेशानी बढ़ गई।
नासिक के अंगूर वापस लौटे
महाराष्ट्र के नासिक के अंगुर अब वापस लौट रहे है।कंटेनरों में करीब 13 मीट्रिक टन अंगूर भरे थे। इन्हें निफाड़ के एक कोल्ड स्टोरेज में फिर से उतारना पड़ा। अंगूर जल्दी खराब होने वाला फल होता है, इसलिए इसे समय पर बाजार तक पहुंचाना बहुत जरूरी होता है। लेकिन देरी होने से अंगूर खराब होने का डर बढ़ गया है. एक्सपोर्टर अक्षय सांगले के अनुसार हर कंटेनर पर लगभग 2 लाख रुपये का नुकसान हो चुका है।