रांची। झारखंड के खूंटी जिले के सभी प्रखंडों में मनरेगा के तहत किसानों को बागवानी योजना से जोड़कर फलदार खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके तहत हजारों किसानों को आम की बागवानी करने का मौका मिलेगा। कई जगहों पर पौधे अब बड़े होकर मंजर देने लगे हैं। इससे आम की अच्छी पैदावार होने की उम्मीद है। इसके तहत तोरपा प्रखंड में 16 पंचायतों के लगभग 6700 एकड़ क्षेत्र में कुल 10 हजार 700 किसानों ने आम बागवानी की है। वहीं रनिया प्रखंड के सात पंचायतों में 440 एकड़ भूमि में करीब 700 किसानों को आम बागवानी से जोड़ा गया है। मुरहू प्रखंड के 16 पंचायतों में लगभग 1700 एकड़ क्षेत्र में 2100 किसानों को बागवानी योजना का लाभ मिला है।
आम की बागवानी करने की सलाह
खूंटी जिले के मनरेगा के परियोजना पदाधिकारी रजनी कांत ने किसानों से बागवानी को बढ़ावा देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत फलदार पौधों की बागवानी किसानों की आय बढ़ाने का बेहतर माध्यम है। किसान अपने खेतों में आम समेत अन्य फलदार पौधे लगाकर भविष्य में अच्छी आमदनी प्राप्त कर सकते हैं।
आम के पेड़ में लगे हैं मंजर
जिले में इस वर्ष आम की अच्छी पैदावार होने की उम्मीद की जा रही है। मार्च आने के साथ ही आम के पेड़ों में मंजर आने लगे हैं। जिससे किसानों में खुशी का माहौल है।