पटना।आज के बदलते समय में लोग अपने गांव को छोड़कर नौकरी के तलाश में बड़े-बड़े महानगरों में और विदेशों में भी जाते है। लेकिन बिहार के गया जिले के एक युवक ने इसके विपरीत काम किया है। बता दें कि गया जिले के युवक अब्दुल कादिर एमबीए की पढ़ाई कर सऊदी अरब में मैनेजर के पद पर काम करते थे। लेकिन वे विदेशों की नौकरी छोड़कर अपने गांव की बंजर जमीन पर स्ट्राबेरी समेत कई फलों और सब्जियों की आधुनिक प्रकार के कृषि बागवानी कर रहे है।
बंजर जमीन भी सोना उगल रही है
गया जिले के बहेरा गांव के रहने वाले अब्दुल कादिर ने साबित कर दिया है कि मजबूत सोच और मेहनत के दम पर बंजर जमीन भी सोना उगल सकती है। एमबीए की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने विदेश में लाखों रुपये की नौकरी छोड़कर अपने गांव लौटने का साहसिक फैसला लिया और आज आधुनिक खेती के जरिए नई पहचान बना रहे हैं।
हैदराबाद से किया है एमबीए
अब्दुल कादिर ने हैदराबाद स्थित उस्मानिया यूनिवर्सिटी से एमबीए की पढ़ाई की। पढ़ाई के बाद उन्होंने दिल्ली में करीब दो साल तक नौकरी की। इसके बाद बेहतर अवसर मिलने पर वे सऊदी अरब चले गए, जहां एक कंपनी में मैनेजर के पद पर लगभग चार साल तक काम किया।
फलों और सब्जियों की बागवानी करते है
अब्दुल कादिर अपने जमीन पर स्ट्रॉबेरी, केला, अमरूद और नींबू जैसी फलों की बागवानी कर रहे है। इसके साथ ही वे कई तरह की सब्जियों की भी खेती कर रहे हैं। आधुनिक तकनीक, बेहतर बीज और सही प्रबंधन के कारण उन्हें अच्छी पैदावार मिल रही है।