उधम सिंह नगर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उधम सिंह नगर में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि किसानों-बागवानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से पॉलीहाउस निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपये की राशि का प्रावधान किया गया है। अब तक राज्य में लगभग 115 करोड़ की सहायता से करीब 350 पॉलीहाउस स्थापित किए जा चुके हैं।
बागवानी के 80 प्रतिशत सब्सिडी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में फलों की उत्पादन बढ़ाने के लिए लगभग 1200 करोड़ रुपये की लागत से नई सेब नीति, कीवी मिशन तथा अन्य बागवानी योजनाएं भी लागू की हैं। प्रदेश के रुद्रपुर, सितारगंद, बाजपुर और आस-पास के क्षेत्र ड्रैगन फ्रूट उत्पादन का एक बड़ा केंद्र बनकर तैयार होने वाला है। बागवानी को बढ़ावा देने के लिए बागवानों को 80 प्रतिशत तक की सब्सिडी प्रदान करने का भी प्रवधान है।
हॉर्टिकल्चर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट संचालित
उत्तराखंड में जापान इंटरनेशनल कोआपरेशन एजेंसी के सहयोग से लगभग ₹526 करोड़ की लागत वाली उत्तराखंड एकीकृत बागवानी विकास परियोजना संचालित की जा रही है। यह परियोजना टिहरी, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों के 16 ब्लॉकों में सेब, कीवी, अखरोट और टमाटर जैसी फसलों के क्लस्टर विकसित कर उत्तराखंड हॉर्टिकल्चर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट संचालित किया जा रहा है।