आम की बागवानी में फंगस रोग का हमला

    29-Mar-2026
Total Views |

सिरमौर।हिमाचल प्रदेश के सिरमौर में आम की बागवानी पर फंगस रोग का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में किसानों-बागवानों को भारी नुकसान की चिंता सता रही है। एकाएक आम की फसल फंगस रोग की चपेट में आ गई है। इसके पीछे तापमान में अचानक आई गिरावट को माना जा रहा है। जिला के मैदानी क्षेत्रों में आम की पैदावार भारी मात्रा में रहती है। बता दें कि बीते सप्ताह अचानक मौसम बदलने से जिला में हिमपात व बारिश सहित ओले भी पड़े। इससे एकाएक तापमान में भारी गिरावट दर्ज हुई।

तापमान में गिरावट

इस बार करीब 3 महीनों से बारिश न होने के चलते गर्मी का मौसम समय से पहले ही शुरू हो गया था। ऐसे में आम की फसल में बोर भी पहले ही आ गया था। एकाएक बारिश हो जाने के बाद तापमान में गिरावट हुई। हालांकि इससे फसलों को फायदा भी पहुंचा, लेकिन तापमान में एकाएक भारी गिरावट के चलते मैदानी क्षेत्रों में आम की फसल पर फंगस रोग ने धावा बोल दिया।