पंचकुला।शनिवार देर रात तक पंचकूला के सैक्टर-16 स्थित अग्रवाल भवन में होली महोत्सव का आयोजन किया गया। इस मौके पर गीता मनीषी गुरुदेव स्वामी ज्ञानानंद महाराज के पावन आशीर्वाद से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन स्थल पर हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा और पूर्व विधानसभा स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता ने शिरकत की । इसके अतिरिक्त जिला प्रधान अजय मित्तल सहित शहर के अनेक गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
फूलों से खेली गई होली
इस बार आयोजन को और अधिक भव्य स्वरूप प्रदान किया गया। पूरे शहर से श्रद्धालुओं ने भाग लेकर राधा-कृष्ण संग फूलों की होली खेली। भजन-कीर्तन, संकीर्तन और भक्तिमय संगीत से पूरा अग्रवाल भवन गुंजायमान रहा। इस अवसर पर समाजसेवी प्रदीप गोयल, अमित जिंदल, तेजिंदर टोनी, रंजीता मेहता, उमेश सूद, महिला विंग की प्रधान रुपाली विनीत जैन उपस्थित रहे।
पुष्प वर्षा कर खेली गई होली
सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए रासायनिक रंगों के बजाय फूलों की होली का आयोजन किया गया। लोगों ने एक-दूसरे पर पुष्प वर्षा कर होली का आनंद लिया। इस पहल के माध्यम से सुरक्षित और सकारात्मक तरीके से त्योहार मनाने का संदेश दिया गया।