
वानारसी।धान का कटोरा’ कहे जाने वाले चंदौली में इन दिनों महिला सशक्तिकरण की एक नई मिसाल देखने को मिल रही है। जिले की प्रगतिशील किसान और महिला उद्यमी सोनी कुमारी फूलों की खेती के माध्यम से न केवल आत्मनिर्भर बनी हैं, बल्कि अन्य महिलाओं को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
सीएम ने बढ़ाया हौसला
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी मंडल की मातृशक्तियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने चंदौली की प्रगतिशील किसान सोनी कुमारी से भी बातचीत की और उनके प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने उन्हें अन्य महिलाओं को प्रशिक्षित करने और उनके उत्पादों को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।
स्वयं सहायता समुह फूलों की खेती
सोनी कुमारी ने बताया कि वे एक एफपीओ का संचालन करती हैं और सरकार की योजनाओं के तहत फूलों की खेती कर रही हैं। इसके साथ ही वे 10 महिलाओं के स्वयं सहायता समूह का संचालन भी कर रही हैं। बीए तक की पढ़ाई पूरी करने के बाद जब सोनी कुमारी ने रोजगार शुरू करने की कोशिश की, तो उन्हें आर्थिक सहयोग नहीं मिल पाया। वर्ष 2021 में वे स्वयं सहायता समूह से जुड़ीं और सामुदायिक निवेश निधि से 50 हजार रुपये की सहायता प्राप्त कर फूलों की खेती शुरू की।