Mango Farming In Heat Wave : दोपहर में की ये गलती तो बर्बाद हो सकता है पूरा आम का बाग!

    19-May-2026
Total Views |

Mango Farming In Heat Wave
: पूरे उत्तर भारत में इस वक़्त भीषण गर्मी का दौर चलरहा है। लगातार बढ़ते तापमान ने आम की बागवानी करने वाले किसानों के लिए परेशानी बढ़ा दी है। खासकर जो आम के पौधे अभी छोटे हैं और जिन पेड़ों पर फल लगे हैं, उनपर लू का खतरा बढ़ जाता है।

ऐसे में गर्मियों में बगीचे की सही देखभाल करने तथा पौधों को पर्याप्त ठंडक और पानी देने के लिए लोग लाखों खर्च कर वाटर स्प्रिंकलर लगवाते हैं तथा और भी अलग-अलग तरह के मशीनों का इस्तेमाल किया जाता है लेकिन आप बिना किसी खर्च के कुछ घरेलू जुगाड़ अपना कर अपने पौधों को गर्मियों के मौसम में सूखने से बचा सकते हैं।

जमुई जिले में नर्सरी चलाने वाले वहां के संचालक बताते हैं कि गर्मी के मौसम में आम के बाग को बचाने के लिए किसानों को नियमित सिंचाई और जड़ों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए. उन्होंने कहा कि तेज धूप के दौरान पौधों के आसपास सूखी घास, भूसा या पत्तियों की परत बिछाने यानी मल्चिंग करने से मिट्टी में नमी बनी रहती है और पौधे जल्दी सूखते नहीं हैं। इसके अलावा सुबह या शाम के समय ही सिंचाई करनी चाहिए ताकि पानी का सही उपयोग हो सके।

दोपहर के समय ना करें यह गलती

नर्सरी संचालक ने बताया कि कई किसान दोपहर की तेज धूप में सिंचाई कर देते हैं जिससे पौधों को फायदा कम और नुकसान अधिक होता है। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में छोटे पौधों के आसपास जूट का बोरा, हरा नेट या हल्की घास बिछा कर उसकी छाया देनी चाहिए। विशेषकर दोपहर में जब तापमान अत्यधिक बढ़ जाता है, ऐसे समय में पौधों को छाया में रखना जरूरी होता है।

 संचालक बताते हैं कि आम में इस समय फल विकास की प्रक्रिया चलती है इसलिए सूक्ष्म पोषक तत्वों का छिड़काव भी जरूरी है। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि बाग में समय-समय पर कीट और रोग की जांच करते रहें क्योंकि गर्मी में मिलीबग और तना छेदक जैसे कीट तेजी से फैलते हैं। बाग में पानी जमा नहीं होने देना चाहिए लेकिन मिट्टी पूरी तरह सूखने भी नहीं देना चाहिए।

गोबर के इस्तेमाल
संचालक ने कहा कि गर्मी के दिनों में जैविक खाद और गोबर खाद का उपयोग मिट्टी की नमी बनाए रखने में काफी मददगार होता है. किसान यदि पेड़ों के तनों पर चूना और कॉपर सल्फेट का घोल लगाते हैं तो तना गर्म होने से बचता है और कई प्रकार के संक्रमण का खतरा भी कम होता है।

उन्होंने बताया कि आम की अच्छी फसल के लिए केवल खाद और पानी ही नहीं बल्कि समय पर देखभाल भी जरूरी है। ऐसे में अगर आप भी बागवानी करते हैं तो आप इन उपायों से अपने आम की फसल को बेहतर बना सकते हैं।