Shami Plant Care Tips : गर्मी का मौसम इंसानों के साथ साथ पौधों के लिए भी उतना ही चैलेंजिंग होता है। पौधों के लिए यह समय बहुत ख़राब होता है। अक्सर ज्यादा गर्मी और धूप की वजह से पौधे झुलसने लगते हैं और इनकी पत्तियां भी सूख जाती हैं। गर्मी के मौसम में तेज धूप, गर्म हवाएं और तेजी से सूखती मिट्टी के कारण कई पौधे मुरझाने लगते हैं। शमी का पौधा भी इससे अछूता नहीं है।
शमी का पौधा धार्मिक और वास्तु दृष्टि से भी बेहद शुभ माना जाता है, इसलिए लोग इसे अपने घर, बालकनी या आंगन में जरूर लगाते हैं। ऐसा माना जाता है कि शमी का पौधा घर में लगाने से सकारात्मक ऊर्जा आकर्षित होती है, लेकिन पौधे की सही देखभाल न होने की वजह से यह पौधा जल्दी ही सूखने लगता है और इसकी पत्तियां भी टूटकर झड़ जाती हैं।
ज़्यादातर लोग यह समझ नहीं पाते हैं कि शमी का पौधा कितना पानी चाहता है या कितनी धूप। ऐसे में छोटी-छोटी गलतियां भी पौधे को नुकसान पहुंचा सकती हैं। आइए आपको बताते हैं कुछ ऐसे टिप्स जिनसे आपका शमी का पौधा गर्मी के मौसम में भी हरा भरा दिखाई देता है।
पौधे की स्टेम चेक करें
अगर आपका पौधा बिना किसी वजह वजह से सूख रहा है, तो सबसे पहले उसकी स्टेम चेक करें। इसके लिए स्टेम को हल्का सा खुरचकर देखें। अगर पौधा अंदर से हरा है तो यह जल्दी ही फिर से हरा भरा हो सकता है। अगर स्टेम सूख रहा है तो जहां तक यह पौधा सूखा है, वहां तक का हिस्सा काट देना चाहिए। इससे आपका पौधा फिर से हरा-भरा होने लगता है और पौधे में वापस से जान आने लगती है। इस तरह आप पौधे को सूखने से बचा सकती हैं।
पुराने गमले की मिट्टी का इस्तेमाल न करें
अगर आपका पौधा सूख गया है और आप नया पौधा लगाने जा रही हैं, तो ध्यान रखें कि पुराने गमले की मिट्टी को नए पौधे के लिए इस्तेमाल न करें। इसके लिए पौधे को गमले से बाहर निकाल लें और पुरानी मिट्टी का दोबारा इस्तेमाल न करें। कई बार पुरानी मिट्टी में फंगस भी हो सकता है और उसे अगर आप नए पौधे में इस्तेमाल करती हैं तो नया पौधा भी सूख सकता है। मिट्टी को 4 से 5 दिन धूप में सुखाने के बाद ही दोबारा इस्तेमाल करें।
तैयार करें नई मिट्टी
नई मिट्टी तैयार करते समय आप ध्यान रखें कि सिर्फ नॉर्मल गार्डन की मिट्टी लें और इसमें थोड़ी गोबर की खाद मिलाएं। इसके बाद मिट्टी को अच्छी तरह मिला लें। मिट्टी तैयार करने के बाद इसमें एक मुट्ठी मूंगफली डाल सकते हैं। यह पौधे की ग्रोथ में मदद करता है और फंगस की समस्या कम करने में भी मदद करता है।
सूखे हिस्से और जड़ों की कटिंग करें
पौधे को दोबारा लगाने से पहले सूखी शाखाएं काट दें और जड़ों को थोड़ा हल्का ट्रिम कर दें इससे नई जड़ें और नई ग्रोथ जल्दी आएगी। कटिंग करने के बाद पौधे को नई मिट्टी में लगा दें। इससे आपका नया पौधा हरा-भरा निकलेगा और सूखी पत्तियों से भी राहत मिलेगी। यही नहीं इससे आपका पौधा हमेशा हरा-भरा बना रहेगा।
ओवर वाटरिंग न करें
आप शमी के पौधे को ओवर वॉटरिंग से बचाएं। पौधे को ज्यादा पानी देने से उसकी जड़ें सड़ने लगती हैं और पौधा जल्दी खराब हो जाता है। यही नहीं आपको इस बात का ध्यान देने की भी जरूरत है कि पौधे में कम पानी भी पड़े नहीं तो यह सूखने लगता है।
अगर आप भी इन टिप्स को फोलो करते हैं तो शमी का पौधा हमेशा हरा-भरा रहेगा और आपके घर का वातावरण भी सकारात्मक बना रहेगा।