Maharashtra CM Meeting With PM : पीएम मोदी के सामने फडणवीस ने रख दिया महाराष्ट्र के प्याज किसानों को खुश करने का 'मास्टरप्लान'

    29-May-2026
Total Views |

Maharashtra CM Meeting With PM
: महाराष्ट्र की राजनीती और किसान संकट के बीच CM देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान फडणवीस के हाथ में एक मोटी फाइल देखी गई, जिसने कई राजनीतिक और प्रशासनिक कयासों को जन्म दे दिया।

इस दौरान दोनों नेताओं के बीच महाराष्ट्र के विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स और राज्य में चल रही जनकल्याण योजनाओं पर चर्चा हुई। मुलाकात के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए फडणवीस ने इस बैठक को 'सकारात्मक और प्रेरणादायक' बताया।

राज्य में प्याज और चीनी के दामों में आई भारी गिरावट के चलते किसान सड़क पर हैं। इस समस्या पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि उन्होंने पीएम मोदी से महाराष्ट्र में प्याज किसानों को राहत देने के लिए खरीद व्यवस्था और कीमतों को लेकर बड़े बदलाव की मांग की है। राज्य सरकार ने NAFED से प्याज की खरीद 2 लाख टन से बढ़ाकर 10 लाख टन करने का प्रस्ताव दिया है। साथ ही सरकारी एजेंसियों से सीधे किसानों से खरीद करने की बात कही गई है, ताकि बिचौलियों की भूमिका खत्म हो सके।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि प्याज की खरीद कीमत पहले ही बढ़ाकर 15.80 रुपये प्रति किलो की जा चुकी है और इसे और बढ़ाने पर भी विचार चल रहा है। इस पर अगले 10 दिनों में फैसला आने की संभावना है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीसने कहा कि कई सरकारी एजेंसियां गुणवत्ता का कारण बताकर किसानों से प्याज खरीदने से इनकार कर रही हैं। इस समस्या को खत्म करने के लिए ग्रेडिंग सिस्टम को सरल बनाने की जरूरत बताई गई है।

फडणवीस ने यह भी बताया कि बैठक में महाराष्ट्र के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, किसानों को राहत देने के उपाय और सहकारी क्षेत्र को मजबूत करने जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। वहीं, फडणवीस ने इस मुलाकात को सकारात्मक और प्रेरणादायक बताया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री से मिलना हमेशा नई ऊर्जा और उत्साह देने वाला अनुभव होता है। हालांकि, बैठक में किन-किन खास प्रोजेक्ट्स पर बात हुई, इसकी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई।