Litchi Farming In Pot : गमले में लीची उगाने का यह तरीका नहीं जानते होंगे आप ! बस रखें इस 1 बात का ध्यान और घर पर ही पाएं फ्रेश लीची

    29-May-2026
Total Views |

Litchi Farming In Pot 
: गर्मी का मौसम आते ही बाजार में लीची का अनोखा स्वाद और मिठास बच्चों से लेकर बड़ों तक को खूब पसंद आती है। सभी इस रसदार फल के स्वाद के दीवाने हैं लेकिन क्या आपको पता है कि जिस लीची को खरीदने के लिए आप बाजार में सैकड़ों रुपये खर्च करते हैं वो लीची का पौधा घर के बगीचे, आंगन या बड़े गमले में भी आसानी से उगाया जा सकता है? अब लोग सिर्फ फूल-पौधे ही नहीं, बल्कि फलदार पेड़ों को भी घर में लगाने लगे हैं। ऐसे में प्रयागराज के एक गार्डनिंग एक्सपर्ट्स ने लीची उगाने के कुछ आसान तरीके बताए हैं, जिनकी मदद से आप घर पर ही मीठी लीची का पौधा तैयार कर सकते हैं।

लीची को बीज और एयर लेयरिंग दोनों तरीकों से लगाया जा सकता है। अगर आप बीज से पौधा तैयार करना चाहते हैं, तो सबसे पहले ताजी और अच्छी लीची का बीज लें। ध्यान रखें कि बीज सूखा न हो, क्योंकि सूखने पर उसके अंकुरित होने की संभावना कम हो जाती है। बीज को साफ पानी से धोकर हल्की नम मिट्टी में दबा दें। कुछ ही दिनों में छोटा पौधा निकलने लगता है।

लीची के पौधे के लिए अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी सबसे जरूरी मानी जाती है। मिट्टी में गोबर की खाद, कम्पोस्ट और थोड़ी रेत मिलाने से पौधे की ग्रोथ अच्छी होती है। एक्सपर्ट्स बताते हैं कि लीची को हल्की धूप और गर्म वातावरण पसंद होता है, लेकिन बहुत तेज धूप से छोटे पौधे को बचाना चाहिए। शुरुआत में पौधे को ऐसी जगह रखें, जहां सुबह की धूप मिले और दोपहर की तेज गर्मी सीधे न पड़े।

सिंचाई करने को लेकर भी सावधानी जरूरी है। लीची के पौधे में जरूरत से ज्यादा पानी देने से जड़ें खराब हो सकती हैं। मिट्टी हल्की सूखी लगे तभी पानी देना बेहतर माना जाता है। वहीं समय-समय पर जैविक खाद डालने से पौधा तेजी से बढ़ता है और पत्तियां हरी-भरी बनी रहती हैं।

गार्डनिंग एक्सपर्ट्स बताते हैं कि बड़े गमले में भी लीची का पौधा अच्छी तरह तैयार हो सकता है। हालांकि फल आने में थोड़ा समय जरूर लगता है, लेकिन सही देखभाल से यह पौधा सालों तक घर की खूबसूरती बढ़ाता है।
कई लोग छत और बालकनी में फलदार पौधे लगाकर ऑर्गेनिक गार्डनिंग को बढ़ावा दे रहे हैं। इस गर्मियों में अपनी बालकनी या छत पर यह शानदार फलदार पौधा लगाएं और घर की उगी फ्रेश लीची का मजा लें!