
Rare Mangoes Of the World : गर्मी का मौसम आते ही फिजाओं में आम की खुशबु फ़ैल जाती है और ज़ुबान पर इसका मीठा स्वाद चढ़ जाता है। लेकिन क्या आपने कभी ऐसा आम देखा है जिसकी कीमत हजारों रुपये प्रति किलो हो? या फिर ऐसा आम, जिसमें गुठली ही न हो? नहीं न!
दरअसल, आम का नाम सुनते ही हमारे दिमाग में जो छवि उभरती है वो केवल लंगड़ा, दशहरी, चौसा, अल्फांसो या मालदा जैसे आमों की होती है, लेकिन आमों की दुनिया इससे कहीं ज्यादा रहस्यमयी और मैजिकल है। भारत सहित दुनिया में कुछ ऐसी अनोखी आम की वैरायटी भी मौजूद हैं, जो अपनी दुर्लभता, अनोखे रंग, आकार, स्वाद और खास गुणों के कारण पूरी दुनिया में सुर्खियां बटोरती हैं। चलिए आपको बताते हैं आम की कुछ ऐसी ही खास और अनोखी वैरायटी के बारे में।
कोहितूर: आमों का 'कोहिनूर'पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में उगाया जाने वाला कोहितूर आम दुनिया के सबसे दुर्लभ और महंगे आमों में गिना जाता है। इसका नाम फारसी शब्दों से लिया गया है, जिसका अर्थ होता है 'रोशनी का पहाड़। यह आम बेहद नाजुक होता है और इसे गिरने से बचाने के लिए पेड़ के नीचे रूई के बिस्तर जैसे इंतजाम किए जाते हैं। माना जाता है कि तोड़े जाने के बाद इसका स्वाद जल्दी बदल जाता है, इसलिए इसे काटने के लिए चाकू की जगह धागे का इस्तेमाल किया जाता है। अपनी दुर्लभता और बेहतरीन स्वाद के कारण कोहितूर आम की कीमत 1500 से 3000 रुपये प्रति किलो तक होती है।
सिंधु: बिना गुठली वाला आमआम का नाम आये तो उसकी गुठली का जिक्र होना लाजमी है लेकिन भारत में एक ऐसा आम भी है जिसमें गुठली नहीं होती। विश्वास नहीं हुआ न ? इस खास किस्म का नाम सिंधु आम है। इसे महाराष्ट्र के कोंकण कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने विकसित किया है। सिंधु आम में सामान्य गुठली की जगह कागज जैसी पतली परत होती है। यही वजह है कि इसमें खाने योग्य गूदा काफी ज्यादा मिलता है और बर्बादी बेहद कम होती है। स्वाद के लिहाज से यह आम बेहद खास माना जाता है। सिंधु आम की कीमत आमतौर पर लगभग 100 से 250 प्रति किलो के बीच होती है।
दुनिया का सबसे मीठा आम ‘कैराबाओ’फिलीपींस का कैराबाओ आम अपनी असाधारण मिठास के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है। इसकी मिठास इतनी अधिक है कि वर्ष 1995 में इसका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दुनिया के सबसे मीठे आम के रूप में दर्ज किया गया था। इसका नाम फिलीपींस की जल भैंस 'वॉटर बफेलो' यानी कैराबाओ के नाम पर रखा गया है। पकने के बाद इसका रंग सुनहरा पीला हो जाता है और इसका स्वाद बेहद मीठा और सुगंधित होता है। बात करें इसकी कीमत कि तो अंतरराष्ट्रीय और प्रीमियम बाजार में यह काफी महंगा बिकता है, कई बार इसकी कीमत 1,600 रुपये प्रति पीस तक होती है।
बनाना मैंगो: आम जो दिखता है केले जैसाबनाना मैंगो अपनी अनोखी बनावट के कारण लोगों का ध्यान खींचता है। यदि आपको कोई ऐसा आम दिखे जो आकार में केले जैसा लगे, तो हैरान मत होइएगा, क्योंकि यह बनाना मैंगो हो सकता है। जैसा कि नाम से स्पष्ट है, इसका आकार केले जैसा लंबा और मुड़ा हुआ होता है। यह आम लगभग एक फुट तक लंबा हो सकता है। पकने के बाद इसका रंग चमकदार पीला हो जाता है। इस आम की कीमत आमतौर पर 150 से 300 रुपये प्रति पीस तक होती है।
ब्लैक मैंगो: बाहर से काला, अंदर से नारंगीपीले, हरे और लाल रंग के आम तो आपने खूब देखे होंगे, लेकिन क्या कभी ब्लैक मानगो देखा है आपने ? बाहर से इसका रंग लगभग काला दिखाई देता है, जिससे यह अन्य सभी आमों से बिल्कुल अलग नजर आता है। यह मुख्य रूप से इंडोनेशिया में पाया जाता है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि बाहर से काला दिखने वाला यह आम अंदर से चमकीले नारंगी रंग का होता है। इसका स्वाद बेहद मीठा और सुगंधित बताया जाता है, इस आम की कीमत 6,000 रुपये प्रति किलो तक होती है।