Enter your Email Address to subscribe to our newsletters
विशाखपटनम: वैज्ञानिकों ने हाल ही में ‘क्रिनम एंड्रिकम’ नामक फूल वाले पौधे की एक नई प्रजाति की आंध्र प्रदेश के पूर्वी घाट में खोज की है। अप्रैल 2023 में हैदराबाद स्थित भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण, डेक्कन क्षेत्रीय केंद्र के वैज्ञानिक एल रसिंगम की टीम ने इस प्रजाति को 1,141 मीटर की ऊंचाई पर अल्लूरी सीताराम राजू जिले की सपरला पहाड़ियों में खोजा। यह पौधा सूखे, चट्टानी जंगलों में उगता है और अमरीलिडेसी परिवार का हिस्सा है।
शोधकर्ताओं का कहना है कि क्रिनम एंड्रिकम की विशेषताएं इसे इसी परिवार के अन्य पौधों से अलग बनाती हैं। यह पौधा क्रिनम एमोएनम और क्रिनम स्ट्रैची प्रजातियों से निकटता से संबंधित है, लेकिन इसकी पत्तियाँ बड़ी, अण्डाकार और चिकने किनारों वाली हैं। इसके फूल मोमी सफेद रंग के होते हैं, जो अप्रैल से जून के बीच खिलते हैं।
इसे भी पढ़ें: खेती की नई तकनीक से बढ़ी बिहार में केले की उत्पादन क्षमता
खास बात यह है कि इसके फूलों का बाहरी हिस्सा (पेरिंथ लोब) आयताकार और बड़ा होता है, जिसमें प्रति गुच्छे में 12 से 38 फूल होते हैं। इसके तने की लंबाई 100 सेंटीमीटर तक पहुंच सकती है, जो इसे विशेष बनाती है।
यह पौधा सपरला हिल्स में पाया गया है और इसके 1,000 से अधिक परिपक्व पौधे इस क्षेत्र में देखे गए हैं। यह पूरा क्षेत्र पर्यटकों के बीच बहुत लोकप्रिय होने के कारण यह पूरा छेत्र से खतरे में है। शोधकर्ताओं ने इसके सीमित वितरण और पर्यावरणीय खतरों को देखते हुए इसे अंतर्राष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ (IUCN) के तहत ‘डेटा डेफिसिएंट’ की श्रेणी में रखा है। भविष्य में इसके संरक्षण पर अधिक शोध करने की आवश्यकता है।